Sunday, November 29, 2026
spot_img
HomeUncategorizedपीएम आवास योजना में वसूली पर प्रभारी मंत्री का विवादित बयान, बोलीं-...

पीएम आवास योजना में वसूली पर प्रभारी मंत्री का विवादित बयान, बोलीं- दो-ढाई हजार रुपये कोई भ्रष्टाचार नहीं’

पीएम आवास योजना में वसूली पर प्रभारी मंत्री का विवादित बयान, बोलीं- दो-ढाई हजार रुपये कोई भ्रष्टाचार नहीं’

हाथरस में जनचौपाल के दौरान महिलाओं ने आवास के नाम पर पैसे मांगने और योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की | मंत्री ने जांच का दिया भरोसा, बयान पर उठे सवाल

हाथरस। प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित वसूली की शिकायतों के बीच उत्तर प्रदेश सरकार की बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री और हाथरस की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य का एक बयान विवादों में आ गया है। लाभार्थियों से पैसे मांगे जाने के मामले पर उन्होंने कहा कि दो-ढाई हजार रुपये कोई करप्शन नहीं होता है। मंत्री के इस बयान ने सियासी और प्रशासनिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है। हालांकि, उन्होंने अवैध वसूली की शिकायतों की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा भी दिया।

शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर हाथरस पहुंचीं प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने सबसे पहले भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बंद कमरे में बैठक की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र का फीडबैक लिया। इसके बाद वह शहर के रमनपुर स्थित मलिन बस्ती पहुंचीं, जहां महिलाओं के साथ जनचौपाल लगाकर उनकी समस्याएं जानीं।

आवास के लिए आवेदन किया, फिर भी नहीं मिला लाभ

जनचौपाल में महिलाओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना की जमीनी हकीकत सामने रखते हुए शिकायत की कि आवेदन करने के बावजूद उनके नाम लाभार्थी सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि आवास योजना में नाम जुड़वाने और कागजात तैयार कराने के नाम पर उनसे रुपये मांगे जा रहे हैं।

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी मंत्री ने महिलाओं से कई प्रार्थना पत्र लिए और जिलाधिकारी के माध्यम से पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान दो लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक-एक लाख रुपये के चेक भी वितरित किए गए।

‘दो-ढाई हजार रुपये कोई करप्शन नहीं होता’

जनचौपाल के बाद पत्रकारों से बातचीत में जब प्रभारी मंत्री से आवास योजना के नाम पर लाभार्थियों से पैसे मांगे जाने को लेकर सवाल किया गया तो उनका जवाब सुर्खियों में आ गया। उन्होंने कहा, ‘दो-ढाई हजार रुपये कोई करप्शन नहीं होता है।’

मंत्री ने एक मामले का जिक्र करते हुए बताया कि किसी लाभार्थी से कागजात तैयार कराने के नाम पर दो-ढाई हजार रुपये लिए जाने की बात सामने आई थी। उनके मुताबिक, संबंधित मामले में विधायक ने एफआईआर दर्ज होने और जांच किए जाने की जानकारी दी है।

मंत्री ने कहा कि यदि कागजात तैयार कराने के नाम पर पैसे लिए गए हैं तो इसे भ्रष्टाचार की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी ने अवैध तरीके से वसूली की है तो मामले की जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जानी चाहिए। उनके इस बयान के बाद सवाल उठने लगे हैं कि सरकारी योजना का लाभ पाने के लिए किसी भी तरह की रकम मांगना आखिर कैसे उचित ठहराया जा सकता है।

सपा के घोषणा पत्र पर भी बोला हमला

जनचौपाल में महिलाओं को संबोधित करते हुए बेबी रानी मौर्य ने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का बखान किया। उन्होंने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, निराश्रित महिला पेंशन, कन्या सुमंगला योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार गरीबों, महिलाओं और बेटियों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि निराश्रित महिलाओं को एक हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है, जबकि कन्या सुमंगला योजना के तहत 25 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा के लोग घोषणा पत्र तो जारी करते रहते हैं, लेकिन उन्हें बताना चाहिए कि धरातल पर उन्होंने क्या काम किया है। भाजपा सरकार ने गरीबों को आवास, गैस कनेक्शन, शौचालय, आयुष्मान कार्ड, पेंशन और बेटियों की शिक्षा के लिए काम किया है। युवाओं को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराने की योजनाएं भी चलाई जा रही हैं।

कार्यकर्ताओं के काम में बाधा डालने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक को लेकर प्रभारी मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं के छोटे-छोटे काम नहीं होने के कारणों की समीक्षा की जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी और एडीएम के साथ बैठक कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनसमस्याओं का समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments