हाथरस हादसे के मुख्य आरोपी को रिमांड पर लेगी पुलिसः राजनीतिक कनेक्शन और फंडिंग को लेकर हो रही तहकीकात, अन्य सेवादारों की तलाश
हाथरस हादसे को लेकर पुलिस जल्द ही मुख्य अभियुक्त देवप्रकाश मधुकर को रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दे सकती है। मधुकर को रिमांड पर लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर कुछ और जानकारी हासिल करेगी।
इधर इस मामले में कुछ अन्य सेवादारों की धरपकड़ के लिए पुलिस दबिश भी दे रही है। शासन द्वारा निलंबित किए गए अधिकारियों के स्थान पर कुछ अधिकारियों की तैनाती भी सिकंद्राराऊ में कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि 2 जुलाई को सिकंद्राराऊ में भोले बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ मची थी। इस भगदड़ में 123 लोगों की मौत हो गई थी और 150 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। इस मामले को लेकर पुलिस ने उसी दिन मुकदमा दर्ज कर लिया था।
कार्यक्रम का मुख्य आयोजक था देवप्रकाश मधुकर
मुकदमा कार्यक्रम के मुख्य आयोजक देवप्रकाश मधुकर निवासी कस्बा सिकंद्राराऊ और अन्य आयोजकों के विरुद्ध दर्ज किया गया था। पुलिस ने देव प्रकाश पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर दिया था। उसके बाद उसे गिरफ्तार भी कर लिया था। पूछताछ के बाद यह बात भी सामने आई थी कि देव प्रकाश के राजनीतिक कनेक्शन हैं। इस कार्यक्रम के लिए उसने फंडिंग भी की थी। हालांकि यह बात सामने नहीं आई थी कि देव प्रकाश के किस राजनीतिक दल से कनेक्शन हैं। अब जल्द ही पुलिस देव प्रकाश को रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में याचिका दायर कर सकती है। इधर, पुलिस ने इस मामले को लेकर अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
सिकंद्राराऊ में हुई नए अधिकारियों की तैनाती
कुछ अन्य सेवादारों की भी पुलिस तलाश कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। शासन ने एसआईटी की रिपोर्ट के बाद एसडीएम सिकंद्राराऊ, सीओ सिकंद्राराऊ, कोतवाल सिकंद्राराऊ और दो चौकी इंचार्ज निलंबित कर दिए थे। अब धर्मेंद्र कुमार को नया एसडीएम सिकंद्राराऊ बनाया गया है। सासनी के कोतवाली निरीक्षक अरविंद राठी को सिकंद्राराऊ का नया कोतवाल बनाया गया है। रमेश कुमार की तैनाती तहसीलदार के रूप में की गई है।


