‼️ *जनपद हाथरस के थाना सि0राऊ क्षेत्र के ग्राम फुलरई मुगलगढ़ी में घटित दुर्भाग्यपूर्ण घटना में वाँछित मुख्य आयोजक एक लाख का ईनामिया मुख्य आरोपी देवप्रकाश मधुकर व दो अन्य अभियुक्त रामप्रकाश शाक्य व संजू यादव गिरफ्तार ।* ‼️
जनपद हाथरस के थाना सि0राऊ के ग्राम फुलरई मुगलगढी में दिनांक-02.07.2024 को एक अत्यन्त दुःखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी, जिसमें भोले बाबा के सत्संग कार्यक्रम के उपरान्त भगदड़ मचने से 121 लोगो की मृत्यु हो गयी । घटना के सन्दर्भ में दिनाकं 02.07.2024 को थाना सिकन्द्राराऊ पर मुख्य आयोजक देव प्रकाश मधुकर व अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा-105/110/126(2)/223/238 में अभियोग पजीकृत किया गया । घटना की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी को स्थानान्तरित करते हुये पूर्व में 06 अभियुक्तो की गिरफ्तारी हो चुकी थी ।
इस घटना के मुख्य अभियुक्त देवप्रकाश मधुकर की गिरफ्तारी हेतु तमाम प्रयास विफल होने के पश्चात अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन *आगरा द्वारा दिनांक 04.07.2024 को 1,00,000 (एक लाख रुपये) का इनाम घोषित किया गया । उक्त अभियुक्त देवप्रकाश मधुकर को हाथरस की जनपदीय एसओजी द्वारा कल दिनांक 05.07.2024 को देर शाम नजफगढ़ (दिल्ली) से गिरफ्तार किया गया तथा थाना सिकन्द्राराऊ पुलिस द्वारा आज दिनांक 06.07.2024 को अभियुक्त रामप्रकाश शाक्य को कैलोरा चौराहा से तथा अभियुक्त संजू यादव को गोपालपुर कचौरी, सिकन्द्राराऊ से गिरफ्तार* किया गया है ।
*प्रारम्भिक पूछताछ* पर अभियुक्त देवप्रकाश मधुकर द्वारा अवगत कराया गया कि वह जनपद एटा में वर्ष 2010 से मनरेगा में जूनियर इंजीनियर के पद पर संविदा पर कार्यरत है । वह इस संगठन से वर्षो से जुडा है और इस संगठन के कार्यक्रम आयोजित कराना तथा संगठन के लिये फण्ड इकट्ठा करने का काम करता है । वह दिनांक-02.07.2024 को ग्राम फुलरई में आयोजित सत्संग के कार्यक्रम का मुख्य आयोजक था तथा इस कार्यक्रम की अनुमति इन्ही के द्वारा ही ली गयी थी । इस प्रकार *अभियुक्त देवप्रकाश मधुकर की इस घटना में दो भूमिकाऐ -मुख्य आयोजक एवं फण्ड रेजर के रुप में प्रकाश* में आयी है ।
उक्त अभियुक्त तथा इसके निर्देशन में कार्य कर रहे सेवादारो/समिति के सदस्यों की सत्संग के पाण्डाल के आसपास बैरिकेडिंग, प्रवेश द्वार, निकास द्वार, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग व अन्य सुविधाओ की सम्पूर्ण जिम्मेदारी थी । अभियुक्त देवप्रकाश एवं अन्य सेवादारों के द्वारा पुलिस प्रशासन को कार्यक्रम स्थल के अन्दर किसी भी तरह के हस्तक्षेप से रोका गया । उक्त कार्यक्रम स्थल पर इनके सेवादार तरह तरह की वेशभूषा में कमाण्डोज के रुप में सारी व्यवस्थाऐ देख रहे थे । कार्यक्रम स्थल पर किसी भी व्यक्ति को वीडियोग्राफी अथवा फोटोग्राफी करन से रोका जाता था । इस प्रकार उक्त व्यवस्था को सही तरीके से नही किया गया एवं प्रशासन द्वारा निर्गत अनुमति पत्र में वर्णित अनेक शर्तों का उल्लंघन करते हुये यातायात व्यवस्था इत्यादि को प्रभावित किया गया । पूछताछ से यह भी स्पष्ट हुआ है कि इनके द्वारा भीड़ को सम्भालने का कोई प्रयास नही किया गया तथा सभी मौके से फरार हो गये । इस प्रकार इस अभियुक्त एवं अभियुक्त के निर्देशन में कार्य कर रहे सेवादारों (जिनमे 06 सेवादारो को गिरफ्तार किया जा चुका है) के द्वारा अव्यवस्था की गयी, जिसके चलते यह घटना घटी और कई जाने चली गयी । पूछताछ में यह भी प्रकाश में आया है कि इनके और इनके सेवादारो द्वारा प्रवचनकर्ता की गाडी को भीड़ के बीच से निकाला गया जबकि इनको इस तथ्य की जानकारी थी कि भीड़ से निकालने के समय चरणरज के लिये भगदड़ मचने से भयानक दुर्घटना हो सकती थी । इसके अतिरिक्त इस तथ्य की भी गहराई से जांच की जा रही है कि यह घटना आयोजक/सेवादारो द्वारा किसी के कहने या दुष्प्रेरित करने से तो नही करायी गयी है एवं आवश्यकतानुसार गिरफ्तार सेवादार/आयोजकों को पुलिस कस्टडी रिमाण्ड मे लेकर पूछताछ की जायेगी ।
अभियुक्त देवप्रकाश मधुकर इस संगठन में काफी दिनों से जुडे होने के कारण संगठन का फंण्ड रेज़र बन गया था और संगठन को संचालित करने तथा सत्संग इत्यादि कराने के लिये पैसे इकट्ठा कर रहा था । पूछताछ से यह भी पता चला कि इनसे विगत कुछ समय पूर्व कुछ राजनीतिक पार्टियों द्वारा सम्पर्क किया गया था । फण्ड इकट्ठा करने के सम्बन्ध में गहराई से जांच की जा रही है कि कहीं इस तरह के कार्यक्रम तथा अन्य संसाधनो को किसी राजनीतिक पार्टी से पोषित तो नहीं है । अब तक की पूछताछ से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कोई राजनीतिक दल अपने राजनीतिक व निजी स्वार्थ्य के लिये इनसे जुडे है । अभियुक्त देवप्रकाश मधुकर से जुडे हुये समस्त बैंक खाते, चल-अचल सम्पत्ति, मनी ट्रेल इत्यादि की जांच की जा रही है जिसमें आवश्यकतानुसार अन्य एजेन्सियों से भी सहयोग लिया जायेगा ।
*अभियुक्तगण का नाम व पता*-
1- देवप्रकाश मधुकर पुत्र राम सिंह निवासी सलेमपुर गादरी थाना अवागढ़ जनपद एटा हाल निवासी मौहल्ला दमदपुरा नई कालोनी थाना सिकन्द्राराऊ जनपद हाथरस । उम्र करीब 42 वर्ष ।
2- रामप्रकाश शाक्य पुत्र स्व0 परमाईलाल शाक्य निवासी खांकेताल थाना बेवर जनपद मैनपुरी । उम्र 61 वर्ष
3- संजू यादव पुत्र साधू यादव निवासी गोपालपुर थाना सिकन्द्राराऊ जनपद हाथरस । उम्र 33 वर्ष
*गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम का नाम*
हाथरस पुलिस टीम ।


