हाथरस में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इधर परिवार के लोगों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। शहर के मोहल्ला मधुगढ़ी निवासी 22 वर्षीय सोहिल पुत्र अनवार अपने पिता व अन्य भाइयों के साथ डेयरी कारोबार में हाथ बंटाता था। कल वह अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर गया था। देर रात चंदपा कोतवाली क्षेत्र में आगरा अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर नगला भुस के निकट बाइक से वो गिर गया। इससे उसके गंभीर चोट आई। कुछ लोगों ने उसके परिवार के लोगों को इसकी सूचना दी। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार के लोग शव को यहां लेकर आ गए। परिवार के लोगों का कहना है कि सोहिल के साथ दो जो युवक बाइक पर बैठकर गए थे। उनका अभी तक कोई पता नहीं चला है। उसका मोबाइल फोन भी गायब है। इन लोगों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। इधर, स्थानीय पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अनभिज्ञता जताई है।


