हाथरस में हमलावरों ने युवक पर की फायरिंग:हमलावरों के चेहरे सीसीटीवी कैमरे में कैद, पुलिस कर रही छानबीन
हाथरस में कलवारी रोड स्थित आशीर्वाद कुंज कॉलोनी में देर रात कुछ हमलावरों ने कॉलोनी के अंदर घुसकर एक युवक पर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग से यह युवक बाल बाल बच गया। घटना से वहां अफरा तफरी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले को लेकर छानबीन की।
हाथरस में मुरसान क्षेत्र के गांव रतिभानगढी़ निवासी डालचंद पुत्र तेजपाल शर्मा का कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। डालचंद इस समय शहर में कलवारी रोड स्थित आशीर्वाद कुंज कॉलोनी में रह रहे हैं। इसी विवाद में 20 मई को गवाही होनी है। रात्रि में बाइक सवार चार युवक आशीर्वाद कुंज कॉलोनी में पहुंच गए। इनमें से दो कॉलोनी के गेट पर उतर गए और दो बाइक सवार युवक कॉलोनी के अंदर घुस गए।
आरोप है कि इन युवकों ने डालचंद पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। उस समय डालचंद अपने घर की छत पर थे और हमलावरों ने नीचे से ही उन पर दो गोलियां दागी। डालचंद बाल बाल बच गए और इसके बाद हमलावर वहां से धमकी देकर चले गए। फायरिंग से वहां अफरा तफरी मच गई।
पीड़ित ने थाने में दी तहरीर…
इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी वहां पहुंच गई और मामले को लेकर छानबीन की। हमलावरों के चेहरे कॉलोनी के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। दाल चांदनी कुछ लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर भी दी है। पुलिस भी मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।


