हाथरस में वकीलों ने जाम लगाकर की नारेबाजी कासगंज में महिला अधिवक्ता की हत्या के विरोध में प्रदर्शन आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग
हाथरस में भी आज वकीलों ने कासगंज में हुई महिला अधिवक्ता की हत्या के विरोध में तहसील सदर के सामने अलीगढ़ रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। दीवानी न्यायालय पर भी वकीलों ने हाथ में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। वकीलों ने इस घटना के जल्द खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
कासगंज में महिला अधिवक्ता मोहनी तोमर की हत्या के विरोध में यहां भी अधिवक्ताओं में आक्रोश है। आज तहसील सदर में अधिवक्ता एकत्रित हुए और इन अधिवक्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद वकीलों ने तहसील सदर के सामने अलीगढ़ रोड पर कुछ देर के लिए जाम लगा दिया। वहां इन वकीलों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
कुछ देर बाद ही जाम खोल दिया। इसके बाद एसडीएम सदर को एक ज्ञापन सौंपा। वकीलों ने इस वारदात की कड़ी निंदा करते हुए घटना के खुलासे और पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए के मुआवजा देने की मांग की।
वकीलों ने काली पट्टी बांधकर किया काम
अधिवक्ताओं ने कहा कि यदि कासगंज में वकील की हत्याकांड का जल्द ही राजफाश नहीं किया गया तो और तेज आंदोलन किया जाएगा। पुलिस प्रशासन इस वारदात का जल्द खुलासा करे और अधिवक्ताओं को पूरी सुरक्षा दे। दीवानी न्यायालय परिसर में भी वकीलों ने काली पट्टी बांधकर काम किया।


