हाथरस में महाराणा प्रताप की शोभायात्रा के लिए भव्य स्वागत समारोह क्षेत्र में एकता और स्वाभिमान का संदेश दिया
हाथरस। वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्र गौरव के प्रतीक महाराणा प्रताप की प्रस्तावित भव्य शोभायात्रा को लेकर शहर में उत्साह चरम पर है। इसी कड़ी में गौशाला रोड स्थित बेनीराम बाग के बाल हनुमान मंदिर परिसर में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जहां क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने शोभायात्रा समिति का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाल हनुमान जी के दर्शन एवं पूजन से हुई, जिसके बाद शोभायात्रा के अध्यक्ष अनिल सिसोदिया, संयोजक संदीप सिसोदिया और उनकी टीम का साफा पहनाकर एवं फूल-मालाओं से सम्मान किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प दोहराया।
वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप किसी एक समाज नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के प्रेरणास्रोत हैं। उनकी स्मृति में निकाली जाने वाली शोभायात्रा समाज में एकता, साहस और स्वाभिमान का संदेश देगी।
अध्यक्ष अनिल सिसोदिया ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि जनता का समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी सहयोग से यह आयोजन भव्य रूप लेगा।
समारोह के अंत में महाराणा प्रताप के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा और सभी ने मिलकर शोभायात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया।


