हाथरस में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। अलीगढ़ से आई एंटी करप्शन टीम ने नगर पालिका परिषद कार्यालय में छापा
हाथरस में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। अलीगढ़ से आई एंटी करप्शन टीम ने नगर पालिका परिषद कार्यालय में छापा मारकर एक महिला कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार की गई कर्मचारी सोनिया सिंह चतुर्थ श्रेणी पद पर तैनात है, लेकिन उसके पास लाइसेंस लिपिक और प्रधानमंत्री आवास योजना समेत कई महत्वपूर्ण प्रभार भी थे। शिकायतकर्ता सुमन, जो माहेश्वरी कॉलोनी, इगलास रोड की निवासी हैं, ने आरोप लगाया था कि उनकी फाइल आगे बढ़ाने के लिए ₹5000 की रिश्वत मांगी गई थी।
शिकायत के आधार पर इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। टीम की मौजूदगी में महिला कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से ₹5000 लिए और अपनी मेज की दराज में रख लिए। इसी दौरान टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया और कोतवाली सदर ले जाया गया।
इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका कार्यालय में हड़कंप मच गया। कई कर्मचारी मौके से खिसक गए। वहीं, कोतवाली सदर पहुंचीं अन्य महिलाओं ने भी आरोप लगाया कि आरोपी कर्मचारी लंबे समय से रिश्वत मांग रही थी।
एंटी करप्शन टीम ने आश्वासन दिया है कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


