हाथरस में नवनिर्मित मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर आज रविवार की रात्रि आठ बजे के लगभग एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मुरसान कोतवाली क्षेत्र में गांव रायक के पास वाहन ने कांवड़ियों के जत्थे को टक्कर मार दी।
इस हादसे में राजस्थान के भरतपुर के गांव चक सहना के 35 वर्षीय गुड्डू पुत्र रमेश की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथी छोटू उर्फ कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। कांवड़ियों का जत्था कासगंज के सौरों से डाक कावड़ लेकर अपने गांव जा रहा था। इस जत्थे में कुछ बाइक सवार भी शामिल थे।
घायल कांवड़िया को उपचार के लिए मुरसान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां चिकित्सक ने गुड्डू को मृत घोषित कर दिया। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल छोटू को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


