हाथरस में डंपर ने युवक को कुचलाः हाईवे के सामने प्लॉट पर गिट्टी उतार रहा था डंपर, बैक करते समय पहिया चढ़ा
हाथरस में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर इगलास रोड बाईपास के निकट एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की डंपर के पिछले पहिए से कुचलकर मौत हो गई। यह घटना आज सुबह हुई जब डंपर एक प्लॉट में गिट्टी उतार रहा था।
हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव भोजपुर का निवासी 35 वर्षीय कालीचरण पुत्र दरियाव सिंह आज सुबह अपने भाई को खाना देने के लिए एक प्लॉट पर गया था, जहां डंपर गिट्टी उतार रहा था। जैसे ही कालीचरण वहां पहुंचा, डंपर चालक ने अचानक अपने वाहन की गति बढ़ा दी और डंपर को बैक करने लगा। इस दौरान डंपर का पिछला पहिया कालीचरण के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। पुलिस को सूचना मिलते ही हाथरस गेट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डंपर चालक की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई चल रही है।
मुआवजे की मांग
कालीचरण की अचानक हुई मौत से उसके परिवार में गहरा दुख और मातम छा गया है। उसने अपने पीछे पत्नी और पांच छोटे बच्चों को बिलखते हुए छोड़ दिया है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है और इस हादसे से उनकी परेशानियों में और वृद्धि हो गई है। ग्रामीणों और परिवार वालों ने हादसे को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया है और उचित मुआवजे की मांग की है।


