हाथरस में मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव रायक निवासी 23 वर्षीय संजीव पुत्र सुरेश चंद और इसी गांव का 24 वर्षीय नासिर पुत्र गुलशेर बुलंदशहर में एक कोल्ड स्टोरेज पर काम करते थे। कल देर रात यह दोनों बाइक पर सवार होकर अपने घर मुरसान जा रहे थे तो रात्रि में सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने इन दोनों की बाइक में टक्कर मार दी।
दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। संजीव की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर अवस्था में नासिर को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। वहां से उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां उसकी भी मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर वहां से भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन इन दोनों की पहचान नहीं हो पाई। बाद में पुलिस ने जैसी तैसी बाइक के नंबर के आधार पर इन दोनों की पहचान की और सुबह उनके परिवार के लोगों को सूचित किया। सूचना मिलते ही उनके परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम छा गया। दोनों अविवाहित थे।


