हाथरस पुलिस कर सकती है रविकेश से पूछताछः फर्जी प्रमाण पत्र का मामला, जिले में भी बने थे 2 हजार फर्जी प्रमाणपत्र
हाथरस पुलिस भी चार लाख फर्जी प्रमाण पत्र बनाने वाले रविकेश से पूछताछ कर सकती है। रविकेश को शनिवार को लखनऊ से एटीएस ने गिरफ्तार किया था। उल्लेखनीय है कि हाथरसमें भी जन्म प्रमाण पत्र जारी होने में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया था।
जिले में हसायन विकास खंड की ग्राम पंचायत सिंचावली सानी, सादाबाद विकासखंड के गांव बीजलपुर और रहपुरा तीन पंचायतों से 2 हजार से ज्यादा फर्जी प्रमाण पत्र जारी हुए थे।
डीएम ने दिए थे जांच के आदेश
हाथरस के कई ग्राम विकास अधिकारियों की यूजर आईडी का इस्तेमाल कर पिछले डेढ़ साल में यूपी के 47 जिलों और 6 राज्यों के लोगों के जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए थे। इन तीनों ग्राम पंचायत में यह मामला सामने आने के बाद डीएम आशीष कुमार ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों को इसे लेकर जांच के आदेश दिए थे।
सिंचावाली के ग्राम पंचायत अधिकारी ईश्वर चंद्र को तीन अगस्त को ग्राम पंचायत की सीआरएस (सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम) आईडी जारी की गई थी। जब उन्होंने लॉगइन किया तो देखा कि इस आईडी से एक जनवरी 2023 से दो अगस्त 2024 के बीच 814 जन्म प्रमाण पत्र जारी हो चुके हैं। ग्राम पंचायत बीजलपुर और रहपुरा में भी यही स्थिति सामने आई। यहां से भी करीब 1100 जन्म प्रमाण पत्र जारी हुए। इस मामले में हसायन कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इधर, अब लखनऊ में एटीएस ने पूरे देश भर में चार लाख से ज्यादा फर्जी प्रमाण पत्र बनाने वाले रविकेश को शनिवार को गिरफ्तार किया था।
कई राज्यों में फैला था गिरोह का नेटवर्क
कई राज्यों और जिलों में वह और उसका गैंग फर्जी जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने का नेटवर्क चलाता था। इसकी जानकारी मिलने पर यहां की पुलिस भी सक्रिय हो गई है। स्थानीय पुलिस की जांच पड़ताल औरत तेज हो गई है। यहां की पुलिस भी रविकेश और उसके गैंग के सदस्यों से पूछताछ कर सकती है। अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि इस मामले को लेकर एटीएस से संपर्क किया जाएगा।


