हाथरस: तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को मारी टक्कर, बीटेक छात्र की मौके पर मौत, साथी गंभीर घायल
सासनी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीटेक कर रहे 19 वर्षीय छात्र विनीत की मौत हो गई, जबकि उसका साथी युवक अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों युवक अपने बीमार पिता से मिलने बाइक से हाथरस के एक निजी अस्पताल जा रहे थे।
मृतक विनीत सासनी क्षेत्र के गांव मोहरिया का निवासी था और मंगलायतन यूनिवर्सिटी से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। उसके साथ बाइक पर सवार अरविंद भी उसी गांव का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 8 बजे दोनों युवक जैसे ही सासनी-इगलास रोड पर दरगाह के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि विनीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने विनीत को मृत घोषित कर दिया। वहीं अरविंद को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।


