हाथरस पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसओजी टीम और थाना सिकंद्राराऊ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रतिभानपुर की तरफ से आ रहे चोरों को अनाज मंडी के पास सर्विस रोड से पकड़ा। आरोपियों की पहचान सनी गुप्ता और राजा खान के रूप में हुई है।
सनी गुप्ता नौजलपुर थाना सासनी का रहने वाला है, जबकि राजा खान नगला भूरा थाना सासनी का निवासी है। अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वे अपने अन्य साथियों के साथ आगरा, हाथरस और अलीगढ़ में एकांत स्थानों से ट्रैक्टर चुराते थे।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेच देते थे ट्रैक्टर
चोरी के बाद फर्जी नंबर प्लेट लगाकर और इंजन-चेसिस नंबर बदलकर ट्रैक्टरों को बेच देते थे। चोरी से मिले पैसों को आपस में बराबर बांट लेते थे। पुलिस ने आरोपियों से कुल 7 ट्रैक्टर, 2 ट्रॉली और एक कंप्यूटर मांझा बरामद किया है। बरामद सामान की कीमत लगभग 68 लाख रुपए है।
इनमें से एक ट्रैक्टर और कंप्यूटर मांझा 16 अगस्त को ग्राम टीकरी खुर्द से चोरी किया गया था। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह और एसओजी प्रभारी धीरज गौतम की टीम ने यह कार्रवाई की। थाना सिकंद्राराऊ पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


