हाथरस का रोटी थूक विवाद, सपा सांसद पहुंचे होटलः रामजीलाल समन ने मालिक से की बात, बोले- हमला करने वालों पर कार्रवाई
हाथरस के मोहल्ला मधुगढ़ी में एक होटल पर रोटी बनाते समय कारीगर द्वारा थूकने के कथित मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। बजरंग दल के एक पदाधिकारी द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के बाद सोमवार को सपा सांसद रामजीलाल सुमन निजाम होटल पहुंचे। सांसद सुमन ने होटल संचालक शहाबुद्दीन अंसारी से बातचीत की। अंसारी ने उन्हें बताया कि कुछ दिन पहले कुछ लोगों ने उनके होटल का एक वीडियो बनाया था।
इस वीडियो में यह दिखाने की कोशिश की गई थी कि उनका कारीगर रोटी पर थूक रहा है, जबकि वीडियो में ऐसा कुछ भी नहीं था। अंसारी के अनुसार, इन लोगों ने वीडियो वायरल न करने के बदले उनसे ₹1 लाख की मांग की थी। जब उन्होंने रुपए देने से इनकार कर दिया, तो इन लोगों ने वह वीडियो पुलिस को सौंप दिया और फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया। इस मामले में पुलिस ने उनके एक बेटे को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
अंसारी ने यह भी बताया कि इससे पहले इन लोगों ने उनके दूसरे बेटे के साथ मारपीट की, जिससे उसे काफी चोटें आई थीं। हालांकि, पुलिस ने उनके बेटे की शिकायत दर्ज नहीं की। उनके बेटे ने यह तहरीर बजरंग दल के पदाधिकारियों हर्षित गौड़, कान्हा, विजय, शिवम, अनिकेत के खिलाफ दी थी। होटल मालिक से पूरी जानकारी लेने के बाद सांसद सुमन ने पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात की और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
सांसद ने कहा कि उन्होंने वीडियो देखा है और इसमें रिपोर्ट में कही गई बात की पुष्टि नहीं होती है। उन्होंने पुलिस से होटल संचालक के घायल बेटे आसिफ का डॉक्टरी मुआयना कराकर मारपीट का मुकदमा दर्ज करने और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में यह लोग चौथ मांगते हैं और चौथा मिलने पर झूठी शिकायतें करते हैं। इस अवसर पर सपा नेता बृजमोहन राही, लल्लन बाबू, रामनारायण काके और फजरुहमान सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
इधर, आज इस मामले में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन वहां ओसी कलेक्ट्रेट को दिया। उन्होंने अधिकारियों से इस प्रकरण में तत्काल उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


