हाथरस में ईको गाड़ी और स्कूली बस की भिड़ंतः दो लोगों की मौत, 5 घायल; आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर हुआ
हादसा
हाथरस में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर जोगिया बाइपास के निकट आज दोपहर 4 बजे के करीब ईको गाड़ी और स्कूली बस में जोरदार आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में एक महिला समेत दो की मौके पर मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस विभाग पहुंच गई और लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
जोगिया बाइपास के निकट हुआ हादसा
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आगरा के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बोदला नारायणनगर के कुछ लोग आज एक ईको गाड़ी में सवार होकर अलीगढ़ के कासिमपुर पावर हाउस के निकट गांव रामपुर में एक गमी में गए थे। यह सभी लोग आज जब वापस आगरा लौट रहे थे तो आगरा अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर जोगिया बाइपास के निकट सामने से आ रही स्कूली बस इनकी ईको गाड़ी से टकरा गई।
इस दुर्घटना में उषा (55) पत्नी अशोक कुमार और 35 वर्षीय विमल पुत्र सुरेश निवासीगण नारायणनगर बोदला आगरा की मौके पर मौत हो गई। इसके अलावा मुन्नी देवी, सुरेश, सर्वेश, पवन और जितेंद्र निवासीगण आगरा गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने कराया यातायात सुचारु रूप से चालू
इन सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए पुलिस ने भेजवा दिया है। कुछ देर तक इस दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे पर जाम भी लग गया। बाद में पुलिस ने यातायात को सुचारु रूप से चालू कराया।


