हाथरस। सहपऊ क्षेत्र में जलेसर रोड मानिकपुर रेलवे स्टेशन के निकट एक रिटायर्ड अध्यापक ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। जीआरपी ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अलीगढ़ भेज दिया है।
मृतक के बेटे का आरोप है कि लंबे समय से शिक्षा विभाग ने उसके पिता को वेतन और पेंशन आदि का भुगतान नहीं किया था। इसकी वजह से वह तनाव में रहते थे। बुधवार की सुबह सहपऊ क्षेत्र
में जलेसर रोड मानिकपुर रेलवे स्टेशन के निकट एक वृद्ध का शव मिला।
थोड़ी देर में मृतक की पहचान 62 वर्षीय रमेश चंद्र चौधरी निवासी गढ़ थाना सादाबाद के रूप में हुई। इसकी सूचना रेलवे पुलिस ने उसके परिजनों को दी, तो परिजन भी मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की।
जीआरपी ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अलीगढ़ भिजवाया है। रमेश चंद निवासी गढ़ कोतवाली सादाबाद
रोशनलाल जूनियर हाई स्कूल सलेमपुर से कुछ माह पूर्व रिटायर हुए थे। मृतक के बेटे नीतेश का आरोप है कि लंबे समय से उसके पिता को वेतन व अन्य बकाया नहीं मिला था। इसे लेकर न्यायालय ने भी आदेश दे दिया था। लेकिन फिर भी यह भुगतान नहीं हुआ। इसकी वजह से उसके पिता काफी तनाव में रहते थे। मंगलवार की शाम को वह घर से चले गए थे। अब उनका शव बरामद हुआ है। उसका कहना है कि इसी तनाव की वजह से उसके पिता ने आत्महत्या की है।


