गत्ता फैक्ट्री और गोदाम में अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग, फैक्ट्री रखा लाखों का माल जलकर खाक,फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
हाथरस जिले के थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव भगवंतपुर में आज सुबह एक गत्ता फैक्ट्री और गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान और कच्चा माल आग में जलकर राख हो गया। फैक्ट्री स्वामी तरुण शर्मा को सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और शुरुआती स्तर पर खुद ही आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया।
दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी और पानी की कमी के चलते दीवारें तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। करीब 5 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका, हालांकि तब तक गत्ते का स्टॉक पूरी तरह नष्ट हो चुका था। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है और विभाग नुकसान के आकलन के साथ मामले की जांच में जुटा है।


